झारखंड : 150 फुट गहरी खुली खदान में गिरी वैन, अब तक 3 शव बरामद

झारखंड भाजपा प्रमुख ने की जांच की मांग
खदान में वैन गिरी
खदान में वैन गिरी
Published on

धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में शुक्रवार को भूस्खलन के कारण एक वैन 150 फुट गहरी खुली खदान में गिर गई। इस घटना में कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई। यह घटना रामकनाली पुलिस थाना क्षेत्र के भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) एरिया-4 स्थित एक खुली खदान में भूस्खलन होने के कारण हुई। खदान के निकट कई घर और कुछ अस्थायी ढांचे भी ढह गए।

धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया, वैन में सवार लोगों को बचाने के लिए तैनात स्थानीय गोताखोरों ने अब तक तीन शव बरामद किए हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और शनिवार सुबह से अपना अभियान शुरू करेगी। वैन में सवार लोगों की सटीक संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है और बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही इसका पता चल सकेगा।

इससे पहले एक पुलिस अधिकारी ने बताया था कि एक वैन खुली खदान में खड़ी थी और वाहन में चार से पांच लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि अचानक भूस्खलन होने के कारण वैन खदान की तलहटी में जमा पानी में गिर गई।

झारखंड भाजपा प्रमुख और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने घटना पर दुख व्यक्त किया और इसकी जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि धनबाद में बीसीसीएल कतरास क्षेत्र के अंबे खनन आउटसोर्सिंग स्थल पर श्रमिकों की असामयिक मृत्यु ‘बेहद दुखद’ है।

मरांडी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, कोल इंडिया मुख्यालय को पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करानी चाहिए। घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने चाहिए। इसके अलावा, प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देना चाहिए और उनके आश्रितों के लिए रोजगार की व्यवस्था करनी चाहिए।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in