झारखंड : पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी सूर्य नारायण हंसदा ढेर

कई आपराधिक मामलों में वांछित था
हंसदा को देवघर से गिरफ्तार किया गया था
हंसदा को देवघर से गिरफ्तार किया गया था
Published on

गोड्डा : झारखंड के गोड्डा जिले में सोमवार तड़के पुलिस की हिरासत से फरार होने की कोशिश के दौरान हुई मुठभेड़ में कई आपराधिक मामलों में वांछित एक आरोपी मारा गया। यह आरोपी विभिन्न राजनीतिक दलों के टिकट पर झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ चुका है।

दुमका जोन के महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि आरोपी की पहचान सूर्य नारायण हंसदा उर्फ सूर्य हंसदा के रूप में हुई है, जो गोड्डा और साहिबगंज जिलों में दर्ज कई आपराधिक मामलों में वांछित था।

हंसदा को गोड्डा पुलिस ने रविवार को देवघर से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने हथियारों और अपने साथियों के बारे में जानकारी दी थी। उसके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर उसे लालमटिया वन क्षेत्र ले जाया गया और उसी दौरान उसके साथियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी की। हंसदा ने हिरासत से भागने की भी कोशिश की और इस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान हुई गोलीबारी में वह मारा गया।

हंसदा ने 2024 के विधानसभा चुनावों में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के टिकट पर बोरियो सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन उसे मात्र 2,937 वोट मिले।

वह 2019 के विधानसभा चुनावों में भाजपा उम्मीदवार के रूप में बोरियो सीट से मैदान में था। उस समय उसे 59,441 वोट प्राप्त हुए और वह दूसरे स्थान पर रहा। उसने 2014 और 2009 में झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) के टिकट पर इसी सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे हार का सामना करना पड़ा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in