

धनबाद : पश्चिम बंगाल के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) और झारखंड पुलिस ने संयुक्त अभियान में धनबाद जिले में एक अवैध हथियार कारखाने का भंडाफोड़ किया और पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि महुदा थाना क्षेत्र के सिंगरा बस्ती में स्थित कारखाने को बुधवार रात करीब 11.30 बजे नष्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में तैयार और अर्धनिर्मित हथियारों के साथ ही कई मशीनें जब्त की गईं।
एटीएस टीम की सहायता कर रहे अनुमंडल पुलिस अधिकारी (बाघमारा) पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने बताया कि मुर्शिद अंसारी नामक संचालक और चार मैकेनिक को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि अंसारी की पत्नी हीना परवीन को भी एटीएस ने हिरासत में लिया था, लेकिन पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया।
सिंह ने कहा, अंसारी ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से यह कारखाना चला रहा था और पश्चिम बंगाल तथा अन्य राज्यों में हथियारों की आपूर्ति करता था। उससे पूछताछ जारी है।