

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संशोधित खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम को वापस लेने की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने दावा किया कि इस कानून के लागू होने से राज्य को सालाना करीब 13,000 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है।
प्रस्ताव पेश करते हुए सोरेन ने कहा कि अगस्त में संसद द्वारा पारित यह संशोधन राज्य की वित्तीय स्थिति और कल्याणकारी एवं विकास कार्यक्रमों के वित्तपोषण की क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा।
उन्होंने कहा, इस अधिनियम के लागू होने से राज्य सरकार को सालाना करीब 13,000 करोड़ रुपये के राजस्व का भारी नुकसान होने की आशंका है जिससे राज्य की सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, ग्रामीण विकास और अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए आवश्यक धन जुटाने में कठिनाई होगी।
सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार फिलहाल खनिज अधिकारों या खनिज युक्त भूमि पर उपकर के जरिए सालाना करीब 13,000 करोड़ रुपये जुटाती है। इस राशि का इस्तेमाल सामाजिक-आर्थिक विकास और कल्याणकारी कार्यक्रमों के वित्तपोषण में किया जाता है।
उन्होंने कहा कि संशोधित एमएमडीआर अधिनियम के लागू होने के बाद राज्य सरकार खनिज अधिकारों या खनिज युक्त भूमि पर किसी भी प्रकार का कर, उपकर या अन्य शुल्क नहीं लगा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र से संशोधन पर पुनर्विचार करने या उसे वापस लेने का आग्रह करते हुए कहा कि झारखंड के संवैधानिक और वित्तीय अधिकार बरकरार रहने चाहिए।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) विधायक और मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन ने भी केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि झारखंड को उसके खनिज संसाधनों से मिलने वाले लाभ में उसका उचित हिस्सा नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा, कोयला कंपनियों के पास झारखंड में दो लाख एकड़ से अधिक भूमि है लेकिन यहां से निकाले गए खनिज अन्य जगहों के विकास को गति देते हैं। हमें यहां के आदिवासियों की स्थिति में सुधार लाने की जरूरत है।
कल्पना ने आरोप लगाया कि केंद्र ने अधिनियम में संशोधन करने से पहले झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ जैसे खनिज संपदा वाले राज्यों से परामर्श नहीं किया।
उन्होंने आरोप लगाया, यह अधिनियम झारखंड की वित्तीय संभावनाओं को कमजोर करने और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने से हमें रोकने की साजिश है। जनता ने हम पर बहुत भरोसा जताया और चुनावों में हमें भारी बहुमत दिया।
कल्पना ने कहा, झारखंड केंद्र सरकार का कोई उपनिवेश नहीं है जहां से उसके संसाधनों का दोहन किया जा सके। हम अपने अधिकार हासिल करना जानते हैं और अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए लड़ेंगे।
हालांकि विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने सवाल उठाया कि जब विधेयक पारित हुआ तो झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन संसद में ‘चुप’ क्यों रहा।अगर राहुल गांधी और विपक्ष ने संसद में अपनी भूमिका निभाई होती तो इस नाटक की जरूरत ही नहीं पड़ती। विधेयक में संशोधन जनता के कल्याण को ध्यान में रखते हुए किया गया है।