

रांची : झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (SIR) के. रवि कुमार ने शनिवार को कहा कि राज्य में 20 जून से शुरू होने वाली विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कवायद से पहले 75 प्रतिशत मतदाताओं का 2003 की मतदाता सूची के साथ उनके माता-पिता के विवरण के आधार पर मिलान (पैरेंटल मैपिंग) पूरा कर लिया गया है।
कुमार ने बताया कि शनिवार से सभी मतदान केंद्रों पर उन मतदाताओं की सूची प्रदर्शित की जाएगी, जिनकी अब तक मैपिंग नहीं हुई है।
मिलान किए गए मतदाताओं को आगामी SIR प्रक्रिया के लिए कोई अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
झारखंड में अब 2.64 करोड़ मतदाता हैं। CEO ने कहा, इससे पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कवायद के दौरान झारखंड के 75 प्रतिशत मतदाताओं का 2003 की मतदाता सूचियों के साथ उनके माता पिता के विवरण के आधार पर मिलान का कार्य पूरा हो चुका है।
मिलान नहीं किए गए मतदाताओं की सूची आज (23 मई से) राज्य भर के सभी मतदान केंद्रों पर जारी की जाएगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर गैर-मिलान वाली (अनमैप्ड) मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें।
कुमार ने कहा कि जिन लोगों का नाम ‘अनमैप्ड’ सूची में है, उन्हें नाम के मिलान के लिए अपने बूथ अधिकारी से संपर्क करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह सूची अगले दो सप्ताह तक सभी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी और पांच अगस्त को मतदाता सूची के मसौदे के साथ-साथ अनुपस्थित, मृत और ‘डुप्लिकेट’ मतदाताओं की सूची भी जारी की जाएगी।