झारखंड : 2 बच्चों के लापता होने पर BJP ने निकाला मार्च, कलेक्ट्रेट कार्यालय पर दिया धरना

घटना के 12 दिन बाद भी बच्चों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है
BJP
BJP
Published on

रांची : रांची के धुर्वा इलाके से 2 बच्चों के लापता होने के बाद विपक्षी BJP ने मंगलवार को रांची में विरोध मार्च निकाला। जानकारी के अनुसार, 2 जनवरी को चार और पांच वर्षीय 2 बच्चे अपने घर के पास एक किराना दुकान पर गए थे, जिसके बाद से वे लापता हैं।

इस घटना के विरोध में BJP के विधायकों सहित पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से मार्च शुरू किया और राज्य की JMM (झारखंड मुक्ति मोर्चा) नीत सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्टरेट परिसर स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के कार्यालय तक पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए।

BJP की ‘महानगर’ इकाई के अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा, राज्य की राजधानी पॉश इलाके, जहां पुलिस महानिदेशक (DGP) कार्यालय स्थित है और जहां से राज्य के विकास की कार्ययोजना बनाई जाती है, वहां से 2 बच्चे लापता हो गए। घटना के 12 दिन बीत जाने के बाद भी बच्चों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में अभी तक कोई भी सुराग ढूंढने में विफल रही है, जो प्रशासन की खराब कार्यप्रणाली को दर्शाता है। वरुण साहू ने कहा, जितनी जल्दी हो सके हम दोनों बच्चों की सुरक्षित बरामदगी की मांग करते हैं।

वहीं, रांची के विधायक सीपी सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार 'नींद की मुद्रा' में है।उन्होंने कहा, पूरा पुलिस प्रशासन धन उगाही और अपराधियों को बढ़ावा देने में लगा है। अगर पुलिस इन गतिविधियों में शामिल नहीं होती, तो दिनदहाड़े कैसे दो बच्चों का अपहरण हो जाता। ऐसी स्थिति में भाजपा चुप नहीं रहेगी।

वहीं, हटिया के विधायक नवीन जायसवाल ने सवाल किया, यदि पुलिस आम जनता को सुरक्षा नहीं दे सकती, तो उसके अस्तित्व का क्या मतलब है ? अधिकारियों ने बताया कि इस प्रदर्शन के मद्देनजर कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in