झारखंड : धनबाद में BJP के ‘बागी’ संजीव सिंह ने महापौर पद जीता

नगर निकाय चुनाव की मतगणना संपन्न
मेयर चुनाव में संजीव सिंह की जीत
मेयर चुनाव में संजीव सिंह की जीत
Published on

रांची : झारखंड के धनबाद नगर निगम (DMC) में BJP के ‘बागी’ संजीव सिंह ने महापौर पद के लिए हुए चुनाव में जीत दर्ज की है, जबकि BJP समर्थित उम्मीदवार चौथे स्थान पर रहे। रविवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि शुक्रवार सुबह शुरू हुई राज्य के सभी 48 शहरी स्थानीय निकायों के लिए मतों की गिनती शनिवार रात धनबाद नगर निगम (DMC) के परिणामों की घोषणा के बाद संपन्न हो गई। नगर निकाय चुनाव राजनीतिक दलों के चिह्नों पर नहीं लड़े गए, लेकिन उम्मीदवारों को इनका का समर्थन प्राप्त था।

राज्य चुनाव आयोग के सचिव राधे श्याम प्रसाद ने कहा, नगर निकायों के निर्वाचित सदस्य अब 10 से 20 मार्च के बीच अपने-अपने स्थानीय निकायों के उप महापौर या उपाध्यक्ष का चुनाव करेंगे। वे इस अवधि के दौरान शपथ भी लेंगे।

उन्होंने बताया कि रांची नगर निगम में शपथग्रहण समारोह और उपमहापौर का चुनाव 19 मार्च को होगा, जबकि DMC के लिए यही समारोह 18 मार्च को निर्धारित है। BJP के पूर्व विधायक संजीव सिंह ने पार्टी के समर्थन के बिना चुनाव लड़ा था। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी झामुमो समर्थित चंद्रशेखर अग्रवाल को 31,902 मतों से हराया।

सिंह को कुल 1,14,362 वोट मिले, जबकि अग्रवाल को 83,460 वोट प्राप्त हुए। BJP समर्थित संजीव कुमार को मात्र 57,895 वोट मिले और वह चौथे स्थान पर रहे। पूर्व विधायक ने कहा कि वे धनबाद के विकास के लिए काम करेंगे। धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने कहा कि BJP समर्थित उम्मीदवार चुनाव में नए थे।

उन्होंने कहा, मतदाताओं में भ्रम की स्थिति थी क्योंकि सिंह BJP में रह चुके हैं और उनकी पत्नी रागिनी सिंह झरिया से पार्टी की विधायक हैं।

बोकारो जिले के चास नगर निगम में, निर्दलीय उम्मीदवार भोलू पासवान ने 17,796 वोट हासिल करके महापौर पद जीत लिया। उन्होंने BJP समर्थित उम्मीदवार अविनाश कुमार को 3,196 मतों से हराया।

निर्दलीय उम्मीदवारों ने 48 शहरी स्थानीय निकायों में महापौर या अध्यक्ष के 20 पदों पर जीत हासिल करके अपनी पहचान बनाई।

BJP समर्थित 13 उम्मीदवारों ने महापौर या अध्यक्ष के पद जीते, जबकि झामुमो समर्थित 11 उम्मीदवारों और कांग्रेस समर्थित तीन उम्मीदवारों ने नौ नगर निगमों, 20 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों में शीर्ष पदों पर कब्जा जमाया।

नगर निकाय चुनाव 23 फरवरी को हुए थे, जिनमें कुल 43 लाख मतदाताओं में से 63 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in