झारखंड : अंधविश्वास के चलते 8 वर्षीय बच्ची की नरबलि, 3 आरोपी गिरफ्तार

बच्ची का शव 13 नवंबर को उसके घर से करीब 150 मीटर दूर धान खेत से बरामद
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

चतरा : झारखंड के चतरा जिले में काली पूजा के दिन कथित तौर पर नरबलि अनुष्ठान के तहत आठ वर्षीय एक बच्ची की उसके रिश्तेदारों द्वारा हत्या कर दी गई। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने शनिवार को बताया कि इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

नैथानी ने कहा, बच्ची आठ नवंबर को लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो उसकी मां ने 11 नवंबर को प्रतापपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। बच्ची का शव 13 नवंबर को उसके घर से करीब 150 मीटर दूर धान के एक खेत से बरामद किया गया। मामले की जांच में पता चला है कि अंधविश्वास के कारण बच्ची की हत्या की गई है।

नैथानी ने कहा, पीड़िता की एक रिश्तेदार घर पर कथित तौर पर तंत्र-मंत्र करती थी। सिद्धि प्राप्त करने के लिए महिला ने अपने पति के बड़े भाई और उनके बेटे के साथ मिलकर अमावस्या की रात बच्ची की हत्या कर दी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की बच्ची के परिवार के साथ पुरानी रंजिश भी थी।उसने आरोपी के घर से खून से सनी दरांती, खुरपी, लोहे की छेनी, टूटी हुई लाल चूड़ियां, पीड़िता के कपड़े और अनुष्ठान में कथित तौर पर इस्तेमाल हुई अन्य सामग्री बरामद की गई।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपियों ने मामले को यौन हिंसा का रूप भी देने की कोशिश की थी। तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। हम बिहार के एक मौलवी की भी तलाश कर रहे हैं, जिसने आरोपियों को यह प्रशिक्षण दिया था।

पुलिस ने बताया कि अनुष्ठान के तहत बच्ची की गला घोंटकर हत्या कर दी गई और बाद में उसके शव को धान के खेत में फेंक दिया गया।

सांकेतिक तस्वीर
कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर गंभीर आरोप
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News