घाटशिला उपचुनाव : CM सोरेन ने लोगों को ‘स्वार्थी’ नेताओं से किया आगाह

ऐसे नेताओं से सावधान रहें
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
Published on: 

घाटशिला : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के लोगों से कहा कि वे उन नेताओं से सावधान रहें जो 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव में अपने स्वार्थ के लिए वोट मांगने आते हैं।

सोरेन ने घाटशिला सीट के अंतर्गत मुसाबनी में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उनका इशारा पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की ओर था जो राज्य विधानसभा चुनाव से पहले पिछले साल अगस्त में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गये थे।

उन्होंने कहा, कई लोग, जिनमें कुछ पहले हमारे बीच थे, अपने स्वार्थ के लिए उपचुनाव में आपसे वोट मांगने आएंगे। लेकिन उपचुनाव आदिवासियों और मूलवासियों सहित आम जनता के अधिकारों के लिए है, स्वार्थी लोगों के लिए नहीं।

मुख्यमंत्री ने अपना अधिकतर भाषण संथाली भाषा में दिया। JMM विधायक और शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के 15 अगस्त को निधन के बाद घाटशिला विधानसभा उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।

JMM ने दिवंगत रामदास सोरेन के बेटे सोमेश चंद्र सोरेन को मैदान में उतारा है, जबकि BJP के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने BJP विधायक और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन को अपना उम्मीदवार बनाया है। बाबूलाल 2024 के विधानसभा चुनाव में रामदास से लगभग 22,000 मतों से हार गये थे।

दशकों तक JMM के संरक्षक शिबू सोरेन के साथ काम करने वाले चंपई सोरेन पिछले साल भूमि घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में हेमंत सोरेन के जमानत पर रिहा होने के तुरंत बाद कथित तौर पर मुख्यमंत्री पद से हटने के लिए मजबूर किए जाने के बाद भाजपा में शामिल हो गए थे। हेमंत सोरेन ने रिहा होने के बाद दो राज्य सरकार की कमान संभाली थी।

हेमंत सोरेन ने दावा किया, वे (विपक्षी दल) बड़े-बड़े वादे करेंगे, लेकिन झामुमो के अलावा कोई भी लोगों को सरकारी कल्याणकारी योजनाएं मुहैया नहीं करा पाएगा।

मुख्यमंत्री ने झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि सोमेश चंद्र सोरेन को उनके पिता की मृत्यु के बाद मंत्री क्यों नहीं बनाया गया।

उन्होंने कहा, मुझे अच्छी तरह पता है कि कब किस को मंत्री बनाना है। वह (सोमेश) एक कुशल नेता हैं और हम उन्हें अगली पीढ़ी का नेता बनाने के लिए प्रशिक्षित करेंगे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in