

रांची : सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने सोमवार को कहा कि पूरे झारखंड में पेट्रोल, डीजल और LPG की पर्याप्त उपलब्धता है तथा उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे घबराकर खरीदारी न करें।
यह अपील ऐसे समय में की गई है जब पश्चिम एशिया संघर्ष के मद्देनजर वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण हाल ही में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई, जिससे घबराहट में खरीदारी की खबरें आ रही हैं।
झारखंड में राज्य स्तरीय तेल विपणन कंपनियों (OMC) के समन्वयक प्रदीप पॉल ने एक बयान में कहा, हम जनता को आश्वस्त करना चाहते हैं कि राज्य भर में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनी- IOCL, BPCL और HPCL के सभी आपूर्ति केंद्रों में पेट्रोल (MS), डीजल (एचएसडी) और एलपीजी सहित आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता सामान्य तथा निर्बाध बनी हुई है। कुल आपूर्ति स्थिति स्थिर और पर्याप्त है।
बयान में कहा गया है कि टर्मिनल और डिपो से लेकर खुदरा दुकानों तक सभी जगह बगैर किसी व्यवधान के संपूर्ण ईंधन आपूर्ति की जा रही है। इसमें कहा गया है कि ईंधन भंडार की लगातार निगरानी की जा रही है।
उद्योग क्षेत्र ने यह भी कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है और पूरे राज्य में यह सामान्य बनी हुई है।
उद्योग ने जनता से सामान्य उपभोग तरीकों को जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है और उपभोक्ताओं को सलाह दी कि वे ईंधन की उपलब्धता के संबंध में सटीक और सत्यापित जानकारी के लिए केवल तेल विपणन कंपनियों के आधिकारिक संचार पर ही भरोसा करें।
पश्चिम एशिया संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में लोगों से ईंधन की खपत कम करने, गैर-जरूरी विदेश यात्रा से बचने, सोने की खरीदारी स्थगित करने और स्थानीय व्यवसायों का समर्थन करने की अपील की थी।