सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत 4 लोगों की मौत

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक
ट्रक में घुसी कार
ट्रक में घुसी कार
Published on

जमशेदपुर : झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा समेत चार लोगों की बृहस्पतिवार तड़के तब मौत हो गई, जब उनकी कार जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव रोड पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई।

सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है। अन्य मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है।

पुलिस उपाधीक्षक मनोज ठाकुर ने कहा कि कार में सवार सभी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पता चला कि चार लेन वाले राजमार्ग पर डिवाइडर के पास दाईं ओर ट्रक खड़ा था और उसके पीछे पेड़ की एक छोटी शाखा रखी हुई थी। इससे संकेत मिलता है कि ट्रक खराब होने के बाद वहीं रुक गया था और उसे हटाया नहीं जा सका। हालांकि, सड़क पर कोई रिफ्लेक्टर संकेतक नहीं दिखे। ट्रक के पीछे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में दिखाई दी।

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया। गंगवार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी के असामयिक निधन की खबर बेहद हृदय विदारक और आत्मा को झकझोर देने वाली है।

उन्होंने कहा कि एक मां के लिए अपनी संतान को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।

सोरेन ने कहा, जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में साथी मंत्री और बहन दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी तथा अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदय विदारक खबर से मेरा हृदय अत्यंत व्यथित है।

उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, अपनी संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस बेहद कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी और शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। इस अपूरणीय क्षति के लिए कोई शब्द नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि मरांग बुरू दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें। भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि तृषा सिंह का असामयिक निधन बेहद दुखद है।

ट्रक में घुसी कार
करम पर्व पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लोगों को शुभकामनाएं दीं
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in