बोकारो में बुजुर्ग दंपति की गोली मारकर हत्या, बेटा गंभीर रूप से घायल

फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से सुराग तलाश में जुटी पुलिस
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले में अज्ञात लोगों ने कथित रूप से गोली मारकर एक बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या कर दी एवं उनके बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान नरेश सिन्हा और रेणु सिन्हा के तौर पर हुई है, जिनकी उम्र 60 के आसपास है। उनके 30 वर्षीय रोहित सिन्हा का बोकारो जनरल अस्पताल में इलाज चल रहा है।

उन्होंने बताया कि यह वारदात बृहस्पतिवार को रात करीब साढ़े सात बजे चंद्रपुरा थाना क्षेत्र की डीवीसी रेसीडेंसियल कॉलोनी के पश्चिम पल्ली में हुई। हमलावरों ने नरेश सिन्हा के घर का दरवाज़ा खटखटाया और दरवाज़ा खुलने पर पति-पत्नी पर गोलियां बरसा दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

अधिकारी के मुताबिक उसके बाद, बदमाशों ने नरेश सिन्हा के बेटे रोहित सिन्हा पर भी गोली चलाई, उसे तीन गोलियां लगीं।

चंद्रपुरा थाने के प्रभारी विक्रम कुमार बादल ने कहा, घटना के समय इलाके में बादल गरज रहे थे और बिजली चमक रही थी, जिसकी वजह से गोली चलने की आवाज दब गई। ऐसे में पड़ोसियों को कुछ पता चलने से पहले ही हमलावर वहां से भाग निकले। संदेह है कि हमलावर दो-तीन थे।

बेरमो के उपसंभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) रवींद्र कुमार ने बताया, प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि ये हत्याएं पुरानी रंजिश के कारण की गईं। इसमें परिवार के रिश्तेदारों का हाथ हो सकता है।

उन्होंने बताया कि घायल बेटे का ऑपरेशन किया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।यह भी बताया कि यह परिवार मूल रूप से बिहार के गया जिले का रहने वाला है।

कुमार ने कहा कि साक्ष्य संकलन में फोरेंसिक एवं खोजी कुत्ता दल की मदद ली जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि इन हत्याओं के पीछे क्या वजह है। उन्होंने कहा कि आज शवों का पोस्टमार्टम किया जायेगा।

पुलिस ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा बदमाशों की धरपकड़ के लिए विभिन्न स्थानों पर छापे मारे जा रहे हैं।

सांकेतिक तस्वीर
2.20 करोड़ के इनामी माओवादी नेता असीम मंडल ने किया आत्मसमर्पण
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in