

रांची : झारखंड की राजधानी रांची में एक दलित महिला से कथित तौर पर मारपीट करने, उसे जातिसूचक गालियां देने और उसे कुएं से पानी लेने से रोकने के आरोप में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना 10 अक्टूबर को जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के एचईसी स्मार्ट सिटी के सेक्टर दो में हुई। पीड़ित दलित महिला की पहचान मंजू चौधरी के रूप में हुई है। उन्होंने उसी दिन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी परिवार ने भी सोमवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए महिला पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया।
जगन्नाथपुर थाने के प्रभारी नितिन कुमार सिंह ने बताया, महिला की शिकायत के आधार पर अमरेंद्र कुमार, उनकी पत्नी रेमी देवी, उनके दो बेटों और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके घर के पास रहने वाले ये पांचों लोग 23 जुलाई से उसे अपने कुएं से पानी नहीं लेने दे रहे थे। महिला ने आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर को उन्होंने उसके साथ मारपीट की और जातिसूचक गालियां दीं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद मामले की विस्तृत जांच शुरू की गई और पता चला कि कुआं अमरेंद्र के घर के परिसर में स्थित है।
उन्होंने कहा कि हालांकि, महिला को अपमानित करने और उसके साथ मारपीट करने के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।