उत्पीड़न का बदला लेने के लिए एक मां बन गई कातिल

झारखंड में दिल दहला देने वाली घटना : महिला ने की 2 बच्चों की हत्या
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on: 

दुमका : झारखंड के गोड्डा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अपने ससुराल वालों द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने का बदला लेने के लिए एक मां ही कातिल बन गई। महिला ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अपने ही 8 वर्षीय मासूम बेटे और एक रिश्तेदार के 11 वर्षीय बच्चे की कुएं में धकेलकर बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस ने शुक्रवार को इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी महिला की पहचान राखी कुमारी के रूप में हुई है, जिसे गुरुवार को उसके मायके के गांव से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पाकुड़ जिले के रहने वाले विक्रम सिंह अपनी पत्नी राखी कुमारी, 8 वर्षीय बेटे अरब कुमार और रिश्तेदार के 11 वर्षीय बच्चे आयुष कुमार के साथ 19 अक्टूबर को दुर्गा पूजा का मेला देखने के लिए दुमका आए हुए थे। मेला घूमने के दौरान ही अचानक महिला और दोनों बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो पति विक्रम सिंह ने अगले दिन दुमका नगर थाने में तीनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

दुमका नगर थाने की प्रभारी प्रियंका आनंद ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत मामले की जांच और लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी थी। मायके के कुएं से शव बरामद हुए।

पोडियाहाट के थाना प्रभारी महावीर पंडित ने बताया कि मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जब दोनों लापता बच्चों के शव महिला के मायके वाले गांव में स्थित एक कुएं से बरामद किए गए। शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने जब आरोपी महिला राखी कुमारी को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

दुमका नगर थाना प्रभारी के अनुसार, पूछताछ में राखी ने खुलासा किया कि वह दोनों बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने मायके ले गई थी और वहां उसने दोनों को जिंदा कुएं में धकेल दिया, जिससे डूबने के कारण उनकी मौत हो गई। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति और ससुराल वाले उसे मानसिक और शारीरिक रूप से काफी प्रताड़ित करते थे।

इसी प्रताड़ना और उत्पीड़न का खौफनाक बदला लेने के लिए उसने इस दर्दनाक वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को जेल भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

सांकेतिक फोटो
नितिन नवीन के झारखंड दौरे को लेकर भाजपा ने कसी कमर
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in