मिजोरम में 13.28 करोड़ रुपये से तीरंदाजी अकादमी बनाएगी एनटीपीसी

मिजोरम में 13.28 करोड़ रुपये से तीरंदाजी अकादमी बनाएगी एनटीपीसी

Published on: 

आइजोल :

मिजोरम में तीरंदाजी को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को पेशेवर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एनटीपीसी 13.28 करोड़ रुपये की लागत से एक तीरंदाजी अकादमी स्थापित करेगी। इस परियोजना को मिजोरम सरकार के सहयोग से तीन वर्षों में पूरा करने की योजना है। एनटीपीसी ने सोमवार को बताया कि इस परियोजना को उसकी असम स्थित बोंगाईगांव इकाई द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत क्रियान्वित किया जाएगा। इसके लिए एनटीपीसी बोंगाईगांव और मिजोरम राज्य खेल परिषद (एमएसएससी) के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। अकादमी की स्थापना मिजोरम के ममित जिले के लेंगपुई में की जाएगी।प्रस्तावित अकादमी में खिलाड़ियों को तीरंदाजी का प्रशिक्षण देने के लिए विशेष बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा। यहां पेशेवर प्रशिक्षकों की सेवाएं, आधुनिक उपकरण और नियमित अभ्यास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उनके कौशल को निखारना और उन्हें जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।एनटीपीसी के अनुसार, अकादमी में स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थियों सहित उभरते खिलाड़ियों को तीरंदाजी से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मिजोरम के साथ-साथ पड़ोसी क्षेत्रों के युवा खिलाड़ियों को भी प्रशिक्षण और अभ्यास के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है।समझौते के तहत मिजोरम राज्य खेल परिषद अकादमी की स्थापना, संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालेगी। वहीं, एनटीपीसी बोंगाईगांव परियोजना के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगी और समय-समय पर समीक्षा तथा प्रगति आकलन के माध्यम से इसके क्रियान्वयन की निगरानी करेगी।कंपनी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर खेलों के विकास को मजबूत करना और युवा प्रतिभाओं को पेशेवर प्रशिक्षण के साथ प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना है। अकादमी के माध्यम से मिजोरम में तीरंदाजी के लिए बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित होने और उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिलने की उम्मीद है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in