देश/विदेश
प्रहलाद की मां ने एनकाउंटर पर उठाए सवाल
मुआवजे की मांग, पुलिस के दावे पर जताया संदेह
हाथ बंधे होने पर बंदूक छीनकर गोली चलाने को लेकर उठाए सवाल
सन्मार्ग संवाददाता
गायघाटा :
उत्तर 24 परगना के गायघाटा में 17 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी प्रहलाद दास की पुलिस फायरिंग में मौत के बाद मामला गरमा गया है। प्रहलाद की मां रेखा दास ने पुलिस के एनकाउंटर संबंधी दावे पर सवाल उठाते हुए बेटे की मौत के लिए मुआवजे की मांग की है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की है। रेखा दास का कहना है कि घटना का पुनर्निर्माण कराने के लिए पुलिस सोमवार की देर रात उनके बेटे को घर लेकर आई थी। उस समय प्रहलाद के हाथ बंधे हुए थे और उसके साथ पांच पुलिसकर्मी मौजूद थे। ऐसे में वह पुलिस की बंदूक कैसे छीन सकता था और उससे गोलियां कैसे चला सकता था? उन्होंने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए। उनका दावा है कि इलाके के लोगों से पूछताछ करने पर भी उनके बेटे के बारे में जानकारी मिल सकती है।
पुलिस का दावा, आरोपी ने चलाई थीं तीन गोलियां
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को घटनास्थल पर अपराध का पुनर्निर्माण कराने के बाद लौटते समय प्रहलाद ने एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीन ली और भागने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने तीन राउंड फायरिंग की, जिनमें से एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी। अचानक हुई इस घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि दूसरे ने अपनी जान बचाने के लिए सड़क किनारे तालाब में छलांग लगा दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में चार राउंड फायरिंग की। एक गोली प्रहलाद को लगी। उसे तत्काल चांदपारा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता बोले, कानून के मुताबिक मिलनी चाहिए थी सजा
गौरतलब है कि शनिवार रात किशोरी अपने घर के पास आयोजित एक रैली देखने गई थी। देर रात फोन आने के बाद वह वहां से चली गई, लेकिन वापस नहीं लौटी। रविवार सुबह उसका शव मिला। परिजनों ने दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस मामले में प्रहलाद को गिरफ्तार किया था। प्रहलाद के पिता रामप्रसाद दास ने बेटे के कथित अपराध को गंभीर बताते हुए कहा कि उसे कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए थी। उन्होंने पुलिस फायरिंग में बेटे की मौत पर भी सवाल उठाए।

