

लाहौर : लाहौर में दो विदेशी महिलाओं के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार चार संदिग्धों में पाकिस्तान के एक वरिष्ठ नेता का रिश्तेदार भी शामिल है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। शुक्रवार को लाहौर की एक अदालत ने मोहम्मद रजा डार, हसन रजा, सिकंदर खान और साजिद अली के तौर पर पहचाने गए आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मुख्य आरोपी के तौर पर पहचाने गए रजा डार को पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इसहाक डार का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चूंकि यह मामला बहुत संवेदनशील है और इसमें उप प्रधानमंत्री इसहाक डार का एक करीबी रिश्तेदार शामिल है, इसलिए पुलिस हर पहलू की गहन जांच कर रही है। आरोप है कि 29 जून को लाहौर में पांच लोगों ने दो विदेशी नागरिकों, जिनमें से एक नीदरलैंड और दूसरी वेनेजुएला से है, का अपहरण कर उनके साथ सामूहिक बलात्कार किया।
पीड़ित महिलाओं में से एक के पिता का स्पेन से फोन आने के बाद पुलिस ने उन्हें बचाया। लाहौर पुलिस ने बृहस्पतिवार को पांच संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज किया और उनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पांचवां आरोपी फरार है और उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। पीड़िताओं ने पुलिस को बताया कि वे अक्टूबर 2025 में सिंगापुर में रजा डार से मिली थीं और उसने उन्हें पाकिस्तान आने का न्योता दिया था। पुलिस के अन्य अधिकारी ने बताया कि महिलाएं और रजा एक क्रिप्टोकरेंसी कारोबार में साझेदार भी थे। रजा ने महिलाओं के पाकिस्तान दौरे के लिए बिजनेस वीजा का इंतजाम किया और वे 29 जून को लाहौर पहुंचीं। एक पीड़िता ने पुलिस को बताया कि लाहौर पहुंचने पर रजा और दूसरे संदिग्धों ने उन्हें अगवा कर लिया और एक घर में ले गए जहां उन्होंने कथित तौर पर उनके साथ बलात्कार किया और उन्हें छोड़ने के बदले फिरौती की मांग की।