

विदेशी बाजारों में अमेरिकी डॉलर की मजबूती के बीच सोमवार को रुपया 10 पैसे गिरकर डॉलर के मुकाबले 94.86 (अस्थायी) पर बंद हुआ। हालांकि, घरेलू शेयर बाजार में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने रुपये की गिरावट को सीमित किया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, पिछले सत्रों में डॉलर के मुकाबले तेज सुधार के बाद रुपये में निकट अवधि में स्थिरता के संकेत दिख रहे हैं।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 94.90 पर खुला और कारोबार के दौरान गिरकर 95.04 के निचले स्तर तक पहुंच गया। बाद में कुछ नुकसान की भरपाई करते हुए 94.86 पर बंद हुआ। शुक्रवार को रुपया 50 पैसे मजबूत होकर 94.76 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
लेमॉन के शोध प्रमुख गौरव गर्ग ने कहा कि एशियाई मुद्राओं में कमजोरी और वैश्विक शेयर बाजारों की अनिश्चितता के कारण डॉलर की मांग बनी हुई है। उनके मुताबिक, रुपये की चाल कच्चे तेल की कीमतों, विदेशी निवेश, एशियाई मुद्राओं और वैश्विक जोखिम धारणा पर निर्भर करेगी।
उन्होंने कहा कि रुपये के लिए 94.70 से 95.30 का दायरा महत्वपूर्ण है। 95.30 से ऊपर टिकने पर रुपये पर फिर गिरावट का दबाव बढ़ सकता है, जबकि 94.70 से नीचे रहने पर सुधार मजबूत हो सकता है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति बताने वाला डॉलर सूचकांक 0.26 प्रतिशत गिरकर 101.61 पर रहा। ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 3.48 प्रतिशत गिरकर 109.95 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 1,233.25 अंक चढ़कर 75,692.78 पर और निफ्टी 387.70 अंक बढ़कर 23,440.80 पर बंद हुआ। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 3,598.54 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।
भारतीय रिजर्व बैंक के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 30 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 1.269 अरब डॉलर घटकर 719.748 अरब डॉलर रह गया। इससे पिछले रिपोर्टिंग सप्ताह में भंडार 5.011 अरब डॉलर गिरकर 721.016 अरब डॉलर रहा था।
देश के विनिर्माण क्षेत्र की गतिविधियों में भी अक्टूबर में वृद्धि की रफ्तार धीमी हुई। उत्पादन और नए ऑर्डर में अपेक्षाकृत कम तेजी दर्ज की गई, हालांकि लागत का दबाव सीमित रहा।
एचएसबीसी इंडिया का मौसमी रूप से समायोजित विनिर्माण खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) सितंबर के 55.1 से घटकर अक्टूबर में 54.7 पर आ गया। हालांकि, यह दीर्घकालिक औसत और 50 के तटस्थ स्तर से ऊपर बना रहा।