

औरैया : मुख्यमंत्री ने योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत औरैया में रविवार को किसानों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार किसानों को कृषि क्षेत्र में सुविधाएं बढ़ाकर उनके भविष्य को बनाने में लगी है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर किसानों को ठगने का आरोप लगाया। योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि वर्ष 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार किसान सरकार के राजनीतिक एजेंडा का हिस्सा बने और उनके लिए विभिन्न नवोन्मेषी योजनाएं लागू की गयीं। प्रधानमंत्री नरन्द्र मोदी ने ‘सॉइल हेल्थ कार्ड’ की व्यवस्था शुरू की थी। पहले कृषि वैज्ञानिकों के अलावा और कोई भी ‘सॉइल हेल्थ कार्ड’ के बारे में जानता ही नहीं था। उसके बाद प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई की योजना और फिर प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना शुरू की गयी। आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ देश के 12 करोड़ किसान प्राप्त कर रहे हैं। आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि अकेले उत्तर प्रदेश में ही अब तक अब तक दो करोड़ 86 लाख किसानों के खाते में 85 हजार करोड़ रुपए भेजे गए हैं।
सरकार के कामों को गिनाया : मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में हमने सबसे पहले 86 लाख किसानों का 36000 करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया। इसके अलावा अब तक 23 लाख हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई की सुविधा दी गयी है। उन्होंने कहा कि हमने अब तक आठ लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है। हमने अभी प्रदेश पुलिस में 60 हजार नई भर्तियां की हैं। हम 15 जून को देश के गृहमंत्री को बुलाकर एक साथ 60 हजार नौजवानों को प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनाकर नियुक्ति पत्र देने वाले हैं। इतनी भर्ती पहले कभी नहीं हुई। हमने लगभग एक लाख 60 हजार से ज्यादा शिक्षक भर्ती किए हैं। लोक निर्माण विभाग हो, सिंचाई विभाग, कृषि विभाग हो अन्य सरकारी विभागों में नियुक्ति प्रक्रिया को हमने पूरी पारदर्शिता से आगे बढ़ाया है।