

कीव : यूक्रेन पर रूस के बड़े हमले के बाद शांति वार्ता फिर से शुरू करने के प्रयासों के तहत अमेरिका के दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर रविवार को कीव पहुंचे। यह यूक्रेन की उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है। इससे पहले शनिवार को दोनों ने मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक की थी। दोनों देशों की ओर से एक दूसरे पर हवाई हमले तेज किए जाने के बीच हुई इस यात्रा का उद्देश्य शांति वार्ता को फिर से शुरू करना है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि कीव अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ सार्थक बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने ‘टेलीग्राम’ पर एक पोस्ट में कहा, हम युद्ध खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ने में रुचि रखते हैं। शांति जरूरी है। सुरक्षा की गारंटी जरूरी है। शनिवार को मॉस्को में तीन घंटे से ज्यादा समय तक बंद कमरे में बैठक हुई और बिना किसी बड़ी सफलता की घोषणा के खत्म हो गई। पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने बैठक के बाद इसे रचनात्मक, स्पष्ट व उपयोगी बताया, लेकिन किसी विशेष नतीजे के बारे में जानकारी नहीं दी। पुतिन और जेलेंस्की ने बातचीत के दौरान एक-दूसरे की राजधानियों पर हमले रोकने पर सहमति जताई थी। हालांकि अधिकारियों के अनुसार, रविवार तड़के तक दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमले किए।