ट्रंप को 250वीं वर्षगांठ की बधाई देने के साथ जरदारी ने आपसी सहयोग बढ़ाने का किया आह्वान

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लिखे एक पत्र में दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने का आह्वान
While congratulating Trump on the 250th anniversary, Zardari called for enhancing mutual cooperation
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी
Published on

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लिखे एक पत्र में दोनों देशों के बीच ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार, निवेश और रक्षा जैसे क्षेत्रों में संस्थागत एवं व्यवस्थित सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया है। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह पत्र अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर राष्ट्रपति ट्रंप और अमेरिकी लोगों को शुभकामनाएं एवं बधाई देने के लिए भेजा गया था। जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान और अमेरिका के बीच लंबे समय से ऐसे संबंध रहे हैं, जो परस्पर सम्मान, साझा हितों तथा शांति, सुरक्षा और समृद्धि को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता पर आधारित हैं। बयान के अनुसार, जरदारी ने इस बात पर भी जोर दिया कि ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, रक्षा, आतंकवाद-रोधी सहयोग तथा अन्य साझा हितों के क्षेत्रों में व्यवस्थित सहयोग के माध्यम से इस सकारात्मक गति को बनाए रखना महत्वपूर्ण है। जरदारी ने कहा कि पाकिस्तानी-अमेरिकी समुदाय ने दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत किया है। उन्होंने पिछले 250 के दौरान अमेरिकी जनता की उन उपलब्धियों की सराहना की, जिन्होंने वैश्विक प्रगति और समृद्धि में योगदान दिया है।

पाकिस्तान की भूमिका पर भरोसे का जताया आभार  

उन्होंने ईरान के साथ वार्ता में मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान की भूमिका पर अमेरिका द्वारा जताए गए भरोसे के लिए भी आभार व्यक्त किया। जरदारी ने कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष का स्थायी समाधान केवल संवाद और कूटनीति के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को यथाशीघ्र इस्लामाबाद आने का भी निमंत्रण दिया। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस मौके पर राष्ट्रपति ट्रंप और अमेरिकी लोगों को शुभकामनाएं एवं बधाई संदेश भेजा। शरीफ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘दोनों देशों के बीच सात दशक से भी अधिक पुरानी साझेदारी है, जिसे पाकिस्तानी-अमेरिकी समुदाय के अमूल्य योगदान ने और मजबूत बनाया है।’’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अमेरिका के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in