

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के लिए आगामी दिनों में भारी वर्षा, आंधी, बिजली चमकने तथा तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। यह जानकारी राज्य नियंत्रण कक्ष, आपदा प्रबंधन निदेशालय, अंडमान एवं निकोबार प्रशासन द्वारा जारी मौसम बुलेटिन में दी गई। जारी पूर्वानुमान के अनुसार 14 मई से 17 मई तक अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा तथा तेज हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने समुद्र में ऊंची लहरें उठने और समुद्री परिस्थितियां प्रतिकूल रहने की भी चेतावनी दी है। मछुआरों को 14 मई से 18 मई तक अंडमान एवं निकोबार तट के आसपास समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। इस अवधि के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने तथा कभी-कभी 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने समुद्र में जाने वाली छोटी नौकाओं, पर्यटन गतिविधियों तथा तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। किसानों को भी खराब मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है। राज्य नियंत्रण कक्ष ने आम जनता से मौसम संबंधी ताजा सूचनाओं पर नजर बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।