

सिंगापुर : मलेशिया ने घोषणा की है कि वह एक जनवरी 2027 से भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा समाप्त कर रहा है। इससे पहले, इस दक्षिण-पूर्व एशियाई देश की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों को 30 दिनों के लिए वीजा से छूट दी जाती थी, और उन्हें केवल वहां पहुंचने से तीन दिन पहले ‘मलेशिया डिजिटल अराइवल कार्ड’ के लिए पंजीकरण करना होता था। भारतीय नागरिकों के लिए वीजा छूट एक दिसंबर, 2023 को लागू की गई थी और बाद में इसे 2026 के अंत तक बढ़ा दिया गया था। मलेशिया के आव्रजन विभाग (जेआईएम) ने एक अधिसूचना में कहा कि एक जनवरी 2027 से भारतीय नागरिकों के लिए वीजा छूट की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
एक जनवरी 2027 से मलेशिया में प्रवेश करने वाले भारतीय नागरिकों को वहां पहुंचने से पहले वैध वीजा लेना होगा। भारत ने सितंबर में मलेशिया में मौजूद अपने नागरिकों को सलाह दी थी कि वे वहां रोजगार तलाशने के लिए देश की 30 दिन की वीजा-मुक्त प्रवेश सुविधा का इस्तेमाल न करें।