

गुआसावे (मेक्सिको) : मेक्सिको के सिनालोआ राज्य में कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर फाउस्तो इसिद्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ ‘एल चापो इसिद्रो’ की गिरफ्तारी के बाद भड़की हिंसा में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) की सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल मेजा फ्लोरेस को शनिवार को गिरफ्तार कर मेक्सिको सिटी ले जाया गया। इसके बाद गुआसावे शहर में सेना और गिरोह के बंदूकधारियों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। हिंसा के दौरान कई ट्रकों और कारोबारी प्रतिष्ठानों को आग के हवाले कर दिया गया। मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मुठभेड़ में गिरोह के सात संदिग्ध सदस्यों और चार सैनिकों की मौत हुई। मेजा फ्लोरेस पहले बेल्ट्रान लेवा गिरोह का नेतृत्व करता था। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर पांच करोड़ डॉलर का इनाम घोषित किया था। उस पर मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियार रखने के आरोप हैं।