

ढाका : बांग्लादेश में हिंसा का दौर जारी है। वहीं नराइल जिले में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के दो नेताओं की मौत के बाद हिंसा भड़क उठी। बेंदर चार गांव में 50 से अधिक मकानों और कई दुकानों में आग लगा दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, अवामी लीग नेताओं और समर्थकों की संपत्तियों को निशाना बनाया गया। यह घटना पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की दिसंबर में प्रस्तावित वापसी से पहले बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच हुई है। कालिया दमकल केंद्र के अधिकारी हुमायूं कबीर ने बताया कि आग की सूचना शुक्रवार शाम चार बजे मिली। हालांकि, रास्तों पर पेड़ गिराकर अवरोध पैदा किए जाने के कारण दमकलकर्मी रात आठ बजे गांव पहुंचे। तब तक अधिकांश आग बुझ चुकी थी। उनके अनुसार, 20 से 25 परिवारों के 50 से अधिक मकान जलकर राख हो गए। बारदिया बाजार की कई दुकानों में भी आग लगाई गई। वहीं, कालिया के प्रशासनिक अधिकारी मोहम्मद जिन्नातुल इस्लाम ने बताया कि 15 से 20 मकानों में तोड़फोड़ हुई और कई घरों में आग लगाई गई। प्रभावित संपत्तियों में अवामी लीग के पूर्व सांसद कबीरुल हक मुक्ति का पैतृक मकान भी शामिल है। यह हिंसा ऐसे समय हुई है, जब शेख हसीना ने दिसंबर में भारत से बांग्लादेश लौटने की मंशा जताई है। उनकी पार्टी अवामी लीग समर्थकों को लामबंद करने में जुटी है, जबकि बीएनपी के नेतृत्व वाली सरकार ने उनके नए यात्रा दस्तावेजों के अनुरोध को खारिज कर दिया है। सरकार ने कहा है कि उनकी वापसी और प्रत्यर्पण से जुड़े मामलों में कानूनी प्रक्रिया का पालन होगा।