

वेनिस : नाजी कब्जे के बाद के डेनमार्क की पृष्ठभूमि पर बनी निर्देशक माय एल-तौखी की फिल्म ‘वुमन अननोन’ ने 83वें वेनिस फिल्म महोत्सव में प्रतिष्ठित गोल्डन लायन पुरस्कार जीता। मैगी गिलनहाल की अध्यक्षता वाली जूरी ने पुरस्कारों की घोषणा की। ‘वाइल्ड हॉर्स नाइन’ में अभिनय के लिए जॉन माल्कोविच को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। समारोह में मौजूद नहीं रहे माल्कोविच ने वीडियो संदेश के जरिए पुरस्कार के लिए आभार जताया। एल-तौखी इस वर्ष मुख्य प्रतियोगिता में अकेले किसी फिल्म का निर्देशन करने वाली एकमात्र महिला थीं। उनके गोल्डन लायन जीतने के साथ वह यह पुरस्कार पाने वाली आठवीं महिला बन गईं। फिल्म की मुख्य अभिनेत्री माथिल्डे आर्सेल को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। दक्षिण कोरियाई निर्देशक ली चांग-डोंग की ‘पॉसिबल लव’ को ग्रैंड जूरी का ‘सिल्वर लॉयन मिला। निर्देशन के क्षेत्र में ‘सिल्वर लायन’ इल्या क्रिझानोव्स्की को ‘डाउ’ के लिए मिला, जबकि स्टीफान ब्रिजे को ‘ए गुड लिटिल सोल्जर’ के लिए पटकथा पुरस्कार मिला। मलौ खेबिजी को उभरते अभिनेता का मार्सेलो मास्त्रोयानी पुरस्कार दिया गया।