

वाशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को दावा किया कि अमेरिका ने वेनेजुएला के करीब 65 अरब बैरल तेल भंडार पर नियंत्रण हासिल करने के लिए एक समझौता किया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसे दुनिया के इतिहास का सबसे बड़ा तेल सौदा बताया। ट्रंप के मुताबिक, समझौते के लिए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के बीच बातचीत हुई। हालांकि, वेनेजुएला सरकार ने अभी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।राष्ट्रपति ट्रंप ने संकेत दिया कि यह समझौता निजी क्षेत्र की भागीदारी वाला है, लेकिन इसकी विस्तृत रूपरेखा सामने नहीं आई है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि इससे वेनेजुएला में करीब 100 अरब डॉलर के निजी निवेश का रास्ता खुलेगा और अमेरिका में गैस की कीमतें कम करने में मदद मिलेगी।
यह घोषणा अमेरिका की उस कार्रवाई के करीब नौ महीने बाद हुई है, जिसमें ट्रंप के निर्देश पर वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर अमेरिका लाया गया था। मादुरो पर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े संघीय आरोप लगाए गए हैं।