

वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े पिकैक्स माउंटेन ठिकाने पर अमेरिका हमला कर सकता है। उन्होंने कहा कि वाशिंगटन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि ईरान कभी परमाणु हथियार हासिल न कर सके। ट्रंप ने एक साक्षात्कार में कहा कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम पहाड़ों के नीचे गहराई में स्थित है और अमेरिका अब पिकैक्स माउंटेन को निशाना बनाने पर विचार कर रहा है। यह तेहरान के प्रमुख परमाणु ठिकानों में से एक के पास स्थित भूमिगत और मजबूत सुरक्षा वाला परिसर है। हालांकि, ट्रंप ने कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध में अमेरिका परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं करेगा, क्योंकि इसकी जरूरत नहीं है। उन्होंने ईरान में अमेरिकी जमीनी सैनिकों को भेजने पर विचार किए जाने से भी इनकार किया। ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि क्या उन्होंने ईरान के ऊर्जा ढांचे और परमाणु ठिकानों पर हमले के लिए विशाल पारंपरिक बम एमओएबी के इस्तेमाल की मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि यह परमाणु बम नहीं है।