

वाशिंगटन : अमेरिका और चीन ने अपने व्यापार युद्धविराम को दो महीने बढ़ाकर 10 जनवरी 2027 तक करने पर सहमति जताई है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि इस अवधि का इस्तेमाल दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक समझौते की दिशा में बातचीत के लिए किया जाएगा। बेसेंट ने यह घोषणा चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के वाशिंगटन पहुंचने के कुछ घंटे बाद की। शी गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। यह उनकी एक दशक से अधिक समय में पहली अमेरिका यात्रा है। बेसेंट के अनुसार, दोनों देश मौजूदा समझौते को आगे बढ़ाने या जनवरी तक बड़ा आर्थिक पैकेज तैयार करने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, चीन ने अभी विस्तार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पिछले वर्ष दक्षिण कोरिया के बुसान में ट्रंप और शी के बीच हुए समझौते के तहत दोनों देशों ने कई व्यापार प्रतिबंधों और भारी-भरकम शुल्कों में ढील दी थी। बातचीत में कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े साइबर हमलों की जानकारी साझा करने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।