

वाशिंगटन : अमेरिकी प्रशासन ने यूक्रेन को 500 पैट्रियट मिसाइल इंटरसेप्टर बेचने की मंजूरी दे दी है। हालांकि, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने आशंका जताई है कि इनकी आपूर्ति शुरू होने में कई साल लग सकते हैं। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, इस प्रस्तावित बिक्री का उद्देश्य यूक्रेन की हवाई और मिसाइल रक्षा क्षमता मजबूत करना है। सौदे को समीक्षा के लिए अमेरिकी कांग्रेस के पास भेजा जाएगा। हालांकि, विभाग ने आपूर्ति की समयसीमा नहीं बताई है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा कि मिसाइलों की आपूर्ति कुछ वर्षों बाद ही शुरू हो सकती है। उन्होंने अमेरिका और यूरोपीय सहयोगी देशों से अपने मौजूदा भंडार से यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइलें देने की अपील की। उनके मुताबिक, बाद में नई खरीद से सहयोगी देशों के भंडार की भरपाई की जा सकती है। रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों को रोकने में पैट्रियट प्रणाली यूक्रेन के लिए बेहद अहम है। अमेरिकी विदेश विभाग ने स्पष्ट किया कि इस 2.1 अरब डॉलर के सौदे का भुगतान यूक्रेन के सहयोगी देश करेंगे। इसमें अमेरिकी धनराशि का इस्तेमाल नहीं होगा।