ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम से मिलेंगे यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की

रक्षा सहयोग होगा मजबूत करने पर होगा जोर
Ukrainian President Zelenskyy to meet Britain's new Prime Minister Andy Burnham
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की
Published on

लंदन, 27 जुलाई (एपी): यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की सोमवार को इंग्लैंड के एक नौसैनिक अड्डे पर ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम से मुलाकात करेंगे। बर्नहैम ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य यूक्रेन के प्रति ब्रिटेन के "अटूट समर्थन" का संदेश देना है।

एक सप्ताह पहले प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद किसी विदेशी नेता की यह पहली ब्रिटेन यात्रा होगी। वहीं, बर्नहैम के पूर्ववर्ती कीर स्टार्मर अपने कार्यकाल के अंतिम विदेश दौरे पर करीब दो सप्ताह पहले कीव गए थे।

रूस द्वारा वर्ष 2022 में यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर हमला शुरू किए जाने के बाद जेलेंस्की के साथ काम करने वाले बर्नहैम ब्रिटेन के पांचवें प्रधानमंत्री होंगे।

बर्नहैम ने कहा, "रूस को हमारे संकल्प पर कोई संदेह नहीं होना चाहिए। जब तक यूक्रेन के लिए स्थायी और न्यायपूर्ण शांति सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक हम पीछे नहीं हटेंगे।"

यूक्रेनी सैनिकों से करेंगे मुलाकात

यात्रा के दौरान जेलेंस्की और बर्नहैम ब्रिटेन में पिछले तीन सप्ताह से प्रशिक्षण ले रहे 200 से अधिक यूक्रेनी सैनिकों से भी मुलाकात करेंगे। ब्रिटिश सरकार के अनुसार, इन सैनिकों को ब्लैक सी (काला सागर) क्षेत्र में युद्ध क्षमता बढ़ाने और बारूदी सुरंगों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

'स्टोन क्लोक' तकनीक देगा ब्रिटेन

ब्रिटिश प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि ब्रिटेन यूक्रेन को अपने नए "स्टोन क्लोक" इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली की बौद्धिक संपदा (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी) उपलब्ध कराएगा। यह तकनीक ड्रोन को दुश्मन की निगरानी प्रणाली से बचाने में मदद करती है।

रूस और यूक्रेन के बीच हमले जारी

इस बीच, यूक्रेन ने रूस के भीतर ड्रोन हमलों का अभियान तेज कर दिया है। हाल के दिनों में तेल प्रतिष्ठानों, सैन्य कारखानों और रसद केंद्रों को निशाना बनाया गया है। इससे रूस के आम नागरिकों पर भी युद्ध का असर दिखाई देने लगा है और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर दबाव बढ़ा है।

हालांकि, रूस ने भी यूक्रेन पर मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं।

यूक्रेनी वायुसेना के अनुसार, रविवार रात रूस ने 147 लंबी दूरी के ड्रोन से हमला किया, जिनमें से 123 ड्रोन को मार गिराया गया या निष्क्रिय कर दिया गया।

जापोरिज्जिया शहर में हुए हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। हमलों में बहुमंजिला इमारतों और कई निजी मकानों को नुकसान पहुंचा।

वहीं, द्नीप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र के निकोपोल जिले में रूसी हमलों से एक किंडरगार्टन, कई आवासीय इमारतें और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। इस हमले में एक महिला और 6 वर्षीय बच्चा घायल हो गया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in