

कीव : यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की ओर से सरकार में व्यापक फेरबदल की घोषणा किए जाने के बीच प्रधानमंत्री यूलिया स्विरिदेंको ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में स्विरिदेंको ने कहा कि यूक्रेन के आधुनिक इतिहास के सबसे कठिन दौर में से एक के दौरान सरकार का नेतृत्व करने का अवसर मिलना मेरे लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ उनकी आगे की रणनीति पर चर्चा हुई है, हालांकि उन्होंने इसके बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि मैं यूक्रेन की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हूं और ऐसा हर दायित्व निभाऊंगी, जिसका उद्देश्य देश की स्थिति को मजबूत करना, राष्ट्रीय हितों की रक्षा करना और न्यायपूर्ण शांति स्थापित करना हो। यूक्रेन की पूर्व वित्त मंत्री स्विरिदेंको को जुलाई 2025 में प्रधानमंत्री बनाया गया था और उस समय वह महज 35 उम्र की थीं।
उन्होंने यूक्रेन और अमेरिका के बीच खनिज समझौता कराने में अहम भूमिका निभाई थी। इस समझौते को अमेरिका के हितों को यूक्रेन की सुरक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया था। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर उनकी विदाई की घोषणा करते हुए कहा कि यूक्रेन अपनी राजनीतिक रणनीति में बदलाव कर रहा है। विदेश नीति के प्रत्येक प्राथमिकता वाले क्षेत्र की जिम्मेदारी ऐसे अनुभवी व्यक्ति को सौंपी जाएगी, जो शीर्ष नेतृत्व स्तर पर हुए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू कर सके और यूक्रेन की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सके। उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के शीर्ष स्तर पर भी बदलाव किए जाएंगे।