

कीव : यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने राजधानी कीव में अमेरिकी रक्षा कंपनी रेथियॉन के वरिष्ठ प्रतिनिधियों से मुलाकात की। यह वही कंपनी है, जो पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम बनाती है। रूस के बैलिस्टिक मिसाइल हमलों का मुकाबला करने के लिए यूक्रेन को इन प्रणालियों की बेहद आवश्यकता है। यह बैठक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल इंटरसेप्टर के उत्पादन का लाइसेंस देने के वादे के लगभग तीन सप्ताह बाद हुई। इसे यूक्रेन के प्रति ट्रंप के बदले हुए रुख का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर बताया कि रेथियॉन कंपनी यूक्रेन के साथ मिलकर पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों के संयुक्त उत्पादन के लिए तैयार है। पैट्रियट सिस्टम में अत्याधुनिक रडार, कमांड एवं कंट्रोल सिस्टम और विभिन्न प्रकार की इंटरसेप्टर मिसाइलें शामिल होती हैं। हालांकि, इस बैठक पर रेथियॉन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। रूस लगातार बैलिस्टिक मिसाइलों से यूक्रेन पर हमले कर रहा है। इन मिसाइलों को रोकना बेहद कठिन होता है और इनके कारण नागरिकों की मौत के साथ-साथ रिहायशी इलाकों को भारी नुकसान पहुंच रहा है।