मास्को : नाटो देशों द्वारा यूक्रेन को रूस के भीतर हमला करने के लिए लंबी दूरी की मिसाइलें दिए जाने की अटकलों के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को कहा कि उनके देश ने अपनी नई हाइपरसोनिक मिसाइल 'ओरेशनिक' का उत्पादन शुरू कर दिया है और इकी साल नवंबर-दिसंबर महीने में इसे बेलारूस में तैनात कर देंगे। पुतिन ने शुक्रवार को सेंट पीटर्सबर्ग के पास वलाम द्वीप पर बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने मीडिया को संबोधित किया। पुतिन ने यह भी कहा कि ओरेशनिक मिसाइलों की पहली खेप तैयार कर ली गई है और उन्हें अब सेना में शामिल किया जा चुका है।
रूस ने इस मिसाइल का इस्तेमाल पहली बार नवंबर में यूक्रेन के शहर निप्रो में एक मिसाइल फैक्ट्री पर धमाका कर किया था। वह फैक्ट्री सोवियत संघ के समय से मिसाइल बनाती थी। पुतिन ने ओरेशनिक की क्षमताओं की तारीफ करते हुए कहा कि इसके कई वॉरहेड्स को रोकना असंभव है, क्योंकि वे एक साथ अत्यधिक तेज गति से गिरते हैं। उन्होंने कहा कि यदि एक साथ कई मिसाइलें दागी जाएं, तो ये पारंपरिक हमले भी परमाणु हमले जैसे विनाशकारी हो सकते हैं। पुतिन ने पश्चिमी देशों को चेतावनी दी कि अगर नाटो के सदस्य देश यूक्रेन को रूस के भीतर हमला करने के लिए लंबी दूरी की मिसाइलें देते हैं, तो रूस इस मिसाइल का उपयोग उनके खिलाफ कर सकता है।