

इस्तांबुल : तुर्किये ने संयुक्त राष्ट्र के अगले महासचिव पद के लिए अपने पूर्व विदेश मंत्री और संयुक्त राष्ट्र में लंबे समय तक राजदूत रहे फेरिदुन सिनिरलियोग्लू को आधिकारिक रूप से उम्मीदवार बनाया है। सरकारी मीडिया के अनुसार, राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन के समर्थन से उनका नामांकन किया गया है।
70 वर्षीय सिनिरलियोग्लू वर्ष 2015 में कुछ महीनों तक तुर्किये के विदेश मंत्री रहे थे। इसके बाद उन्होंने 2016 से 2023 तक संयुक्त राष्ट्र में देश के राजदूत के रूप में काम किया। फिलहाल वह वियना स्थित यूरोप में सुरक्षा और सहयोग संगठन (ओएससीई) के महासचिव हैं। उनका मौजूदा कार्यकाल दिसंबर 2027 में समाप्त होना है।
वह एंटोनियो गुटेरेस का स्थान लेने की दौड़ में शामिल हुए हैं, जिनका दूसरा पांच वर्षीय कार्यकाल समाप्त हो रहा है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के 15 सदस्य अगले महासचिव का चयन करेंगे। इसमें अमेरिका, रूस, चीन, ब्रिटेन और फ्रांस की अहम भूमिका होगी, क्योंकि इन पांचों देशों के पास वीटो का अधिकार है। इसके बाद 193 सदस्यीय महासभा की मंजूरी जरूरी होगी।
तुर्किये के राष्ट्रपति एर्दोगन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार और पांच स्थायी सदस्यों के वर्चस्व को समाप्त करने की मांग करते रहे हैं। हालांकि, सिनिरलियोग्लू की उम्मीदवारी को ग्रीस और इजरायल की ओर से विरोध का सामना करना पड़ सकता है। इस पद के लिए सात अन्य उम्मीदवार भी मैदान में हैं।