

लंदन : रूस के हमले में यूक्रेन के आर्सेलरमित्तल इस्पात संयंत्र को निशाना बनाए जाने के बाद दो लोगों की मौत हो गई और 13 कर्मचारी व ठेकेदार घायल हो गए। इस हमले से भारत के अरबपति उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल के स्वामित्व वाले यूक्रेन के सबसे बड़े इस्पात संयंत्र का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है। रविवार को क्रिवी रीह स्थित संयंत्र में हुए हमले में ऊर्जा और ‘ब्लास्ट फर्नेस’ उत्पादन से जुड़ी महत्वपूर्ण इकाइयों को निशाना बनाया गया। यूक्रेन के सबसे बड़े इस्पात संयंत्र आर्सेलरमित्तल क्रिवी रीह ने रूसी हमलों के बाद उत्पादन आंशिक रूप से बंद करने की घोषणा की है। इस संयंत्र को यूक्रेन के रणनीतिक आर्थिक और सुरक्षा ढांचे का हिस्सा बताया गया है। घटनास्थल पर तलाश और बचाव अभियान जारी है। इसमें दमकलकर्मी, बचाव दल और चिकित्सा कर्मी शामिल हैं। हमले में ऊर्जा और ब्लास्ट फर्नेस संचालन से जुड़ी प्रमुख उत्पादन इकाइयों को नुकसान पहुंचा है। इस प्लांट पर रूस पहले भी हमला कर चुका है। 2022 में हुए रूसी मिसाइल हमले में प्लांट की एक रोलिंग मिल नष्ट हो गई थी और एक कर्मचारी की मौत हुई थी। यहां स्टील बनाने के लिए बड़े ब्लास्ट फर्नेस और दूसरी उत्पादन इकाइयां हैं। रूस के हमले में इन्हीं उत्पादन से जुड़े कुछ अहम हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। इसलिए कंपनी ने प्लांट का कुछ काम अस्थायी रूप से रोक दिया है।