

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : कांग्रेस की अंडमान एवं निकोबार प्रदेश कांग्रेस समिति की अभियान समिति के अध्यक्ष टीएसजी भास्कर ने 01 अगस्त को नेताजी स्टेडियम पहुंचकर उन युवाओं से मुलाकात की, जिन्हें स्टेडियम बंद होने के कारण पुलिस भर्ती की शारीरिक परीक्षा की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के मद्देनजर प्रशासन द्वारा नेताजी स्टेडियम को 15 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। सामान्यतः प्रत्येक वर्ष स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के लिए स्टेडियम केवल पांच दिनों के लिए बंद रहता है, लेकिन इस बार अवधि बढ़ाए जाने से बड़ी संख्या में युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेडियम बंद रहने के कारण सैकड़ों ऐसे युवाओं को प्रवेश नहीं मिल सका, जो पुलिस भर्ती की शारीरिक परीक्षा की तैयारी के लिए नियमित रूप से यहां अभ्यास करने आते हैं। इससे अभ्यर्थियों में निराशा देखी गई, क्योंकि उनकी तैयारी सीधे प्रभावित हो रही थी। मामले की जानकारी मिलते ही टीएसजी भास्कर ने तत्काल हस्तक्षेप किया और सहायक निदेशक (खेल) रंजीत कुमार से मुलाकात कर अनुरोध किया कि पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के अभ्यास सत्र प्रभावित न हों, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। भास्कर के अनुरोध पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए सहायक निदेशक (खेल) रंजीत कुमार ने तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था करने पर सहमति व्यक्त की और अभ्यर्थियों के अभ्यास को जारी रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए। टीएसजी भास्कर ने युवाओं की समस्या का त्वरित समाधान करने और सकारात्मक पहल करने के लिए श्री रंजीत कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया।