हवाई किराए में भारी वृद्धि पर टीएसजी भास्कर ने जताई चिंता

द्वीपवासियों को राहत देने की मांग
हवाई किराए में भारी वृद्धि पर टीएसजी भास्कर ने जताई चिंता
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान निकोबार प्रदेश कांग्रेस कमिटी अभियान समिति के अध्यक्ष टीएसजी भास्कर ने अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के लोगों को प्रभावित कर रहे अत्यधिक हवाई किरायों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है। अपने पत्र में भास्कर ने कहा कि श्री विजयपुरम से मुख्यभूमि के शहरों के बीच हवाई यात्रा की लागत चिंताजनक स्तर तक पहुंच गई है, जिससे द्वीपवासियों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि श्री विजयपुरम से चेन्नई और कोलकाता के लिए एकतरफा किराया वर्तमान में 19,000 से 25,000 रुपये के बीच है, जबकि दिल्ली के लिए यह लगभग 40,000 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं वापसी यात्रा का किराया भी चेन्नई और कोलकाता से 14,000 से 16,000 रुपये तथा दिल्ली से 20,000 से 25,000 रुपये के बीच है, जिससे आम नागरिकों के लिए यात्रा करना कठिन होता जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि द्वीपों के लिए एकतरफा घरेलू हवाई किराया सिंगापुर, वियतनाम और मलेशिया जैसे अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के दोतरफा किराए से भी अधिक है, जो एक गंभीर असमानता को दर्शाता है। भास्कर ने कहा कि देश के अन्य हिस्सों के विपरीत, इन द्वीपों में रेल या सड़क जैसी वैकल्पिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे हवाई यात्रा ही यहां के लोगों के लिए जीवनरेखा बन जाती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मई-जून जैसे व्यस्त महीनों में चार्टर्ड उड़ानों का संचालन, नियमित उड़ानों में द्वीपवासियों के लिए 25 प्रतिशत सीटें रियायती दर पर आरक्षित करने तथा हवाई किराए पर प्रभावी नियंत्रण जैसे उपाय तत्काल लागू किए जाएं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in