टीएसजी भास्कर ने जर्जर एनएच-4 पर तत्काल कार्रवाई की मांग की

अनिश्चितकालीन आंदोलन की दी चेतावनी
टीएसजी भास्कर ने जर्जर एनएच-4 पर तत्काल कार्रवाई की मांग की
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान प्रदेश कांग्रेस समिति की अभियान समिति के अध्यक्ष टीएसजी भास्कर ने अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के मुख्य सचिव से मध्य एवं उत्तर अंडमान में राष्ट्रीय राजमार्ग-4 पर लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के लिए तत्काल प्रभावी हस्तक्षेप करने की मांग की है। मुख्य सचिव को सौंपे गए ज्ञापन में भास्कर ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड द्वारा जून 2026 के अंत तक सड़क निर्माण पूरा करने का बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग-4 की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि राजमार्ग के कई हिस्से आज भी बेहद खराब एवं असुरक्षित स्थिति में हैं। बाराटांग से कदमतला तथा बकुलतला से रंगत के बीच कुछ हिस्सों में आंशिक कार्य पूरा हुआ है, लेकिन राजमार्ग के बड़े भागों में अब भी गहरे गड्ढे, क्षतिग्रस्त सड़कें तथा अधूरे निर्माण कार्य मौजूद हैं। विशेष रूप से पारलोबजिग गेट संख्या-15 से कौशल्या नगर, रंगत से बिलीग्राउंड तथा बिलीग्राउंड से मायाबंदर तक सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि सुरक्षित आवागमन लगभग असंभव हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन मार्गों का निर्माण पहले पूरा हो चुका था और जहां यातायात सुचारु रूप से संचालित हो रहा था, जैसे बिलीग्राउंड से मायाबंदर तथा मायाबंदर से डिगलीपुर, वे भी निम्नस्तरीय निर्माण गुणवत्ता के कारण तेजी से खराब हो गए हैं, जिससे कार्य निष्पादन करने वाली एजेंसियों की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं। भास्कर ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-4 पर स्ट्रीट लाइट सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का पूर्ण अभाव है, जिससे विशेषकर रात्रि के समय तथा प्रतिकूल मौसम में यात्रियों के लिए जोखिम काफी बढ़ गया है। उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय राजमार्ग-4 की वर्तमान स्थिति मध्य एवं उत्तर अंडमान के हजारों लोगों के लिए गंभीर जनसमस्या बन चुकी है। सड़क निर्माण में लगातार हो रही देरी, निम्न गुणवत्ता वाले कार्य तथा जवाबदेही के अभाव के कारण लोग लंबे समय से परेशान हैं। सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कर क्षतिग्रस्त मार्गों की तत्काल मरम्मत की जानी चाहिए।" भास्कर ने चेतावनी दी कि यदि संबंधित विभागों द्वारा शीघ्र एवं ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी तथा प्रभावित जनता मध्य एवं उत्तर अंडमान के लोगों के हितों की रक्षा के लिए अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगी। उन्होंने अंडमान एवं निकोबार प्रशासन तथा राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेडसे इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-4 को बिना किसी और विलंब के सुरक्षित एवं पूर्ण रूप से यातायात योग्य बनाने की अपील की।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in