

वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान पर जल्द हमला कर सकता है या तेहरान के साथ बड़ा समझौता कर सकता है। उनके इस बयान से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका है। अमेरिकी प्रशासन ईरान पर नए सिरे से सैन्य कार्रवाई के विकल्प पर विचार कर रहा है। संभावित हमले के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा कि इस पर विचार किया जा रहा है और कार्रवाई संभवतः कभी भी हो सकती है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान के साथ समझौते का विकल्प भी खुला है। उन्होंने कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन सवाल यह है कि क्या वह उस पर कायम रहेगा।
नयी धमकियां ईरान को उसकी नीतियों से पीछे नहीं हटा सकतीं: अराघची
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने रविवार को कहा कि युद्ध की नयी धमकियां ईरान को उसकी नीतियों से पीछे नहीं हटा सकतीं। अराघची ने तेहरान में राजनयिकों के एक समूह को संबोधित करते हुए कहा कि एक बार फिर युद्ध की बातें हो रही हैं, लेकिन वह युद्ध के बाद की स्थिति के बारे में सोच रहे हैं। उन्होंने कहा कि युद्ध हो या न हो, ईरान की नीतियां कायम रहेंगी। अराघची ने अमेरिका को ईरान पर फिर से हमले करने के खिलाफ चेतावनी दी, और दोहराया कि तेहरान फारस की खाड़ी के पड़ोसी अरब देशों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है।उन्होंने कहा, “हमारे क्षेत्र में सबकुछ बदल गया है। हालिया युद्ध के बाद कुछ भी पहले जैसा नहीं रहेगा।”