

वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों से संकेत मिल रहे हैं कि तीसरे कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ने की उनकी इच्छा को लेकर अब कुछ अनिश्चितता है। ट्रंप पहले कई बार 2028 में तीसरी बार राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल होने की संभावना जता चुके हैं, लेकिन हाल के भाषणों में उन्होंने 2029 के बाद राष्ट्रपति पद से हटने की स्थिति का जिक्र किया है। न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड में एक कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा कि उनका उत्तराधिकारी उनकी उपलब्धियों का श्रेय लेगा और वह घर बैठकर इसे देखकर परेशान होंगे। पेनसिल्वेनिया की एक रैली में भी उन्होंने कहा कि अगला राष्ट्रपति अपने काम को शानदार बताएगा, जबकि ‘‘असल काम हमने किया था।’’ जॉर्जिया में ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद ‘‘मैं घर पर बैठा रहूंगा, शायद रो रहा होऊंगा।’’ हालांकि, मिशिगन में उन्होंने अपने रुख को फिर अस्पष्ट करते हुए कहा कि ढाई साल बाद शायद कोई और राष्ट्रपति हो—‘‘शायद।’’ संवैधानिक कानून के विशेषज्ञ ब्रायन काल्ट के मुताबिक, ट्रंप के विरोधाभासी बयानों से उन्हें भविष्य में अपनी स्थिति बदलने की गुंजाइश मिलती है। ट्रंप ने पिछले महीने भी मजाक में कहा था कि राष्ट्रपति के रूप में दूसरा कार्यकाल बेहतर और तीसरा उससे भी बेहतर होगा। इसके बाद उन्होंने ‘2028’ लिखी चुनावी टोपी भी पहनी थी। अमेरिकी संविधान के 22वें संशोधन के तहत कोई व्यक्ति दो बार से अधिक राष्ट्रपति निर्वाचित नहीं हो सकता। यह संशोधन 1951 में मंजूर किया गया था।