

वॉशिंगटन : वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन के डिनर में गोलीबारी के मद्देनजर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इस तरह के हमले उनको ईरान में युद्ध से नहीं रोक पाएंगे। हालांकि खुद ट्रंप ने माना है कि इस घटना का अमेरिका-ईरान संघर्ष से कोई जुड़ाव होने की संभावना बहुत कम है।
गोलीबारी की घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'यह मुझे ईरान में युद्ध जीतने से नहीं रोक पाएगा। मुझे नहीं पता कि इसका उससे कोई लेना-देना था या नहीं। जो जानकारी हमारे पास है, उसके आधार पर मुझे सचमुच ऐसा नहीं लगता है। फिलहाल जांचकर्ता उस शूटर के हमले के पीछे का मकसद जानने पर काम कर रहे हैं।'
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'अमेरिका का राष्ट्रपति पद एक 'खतरनाक पेशा' है। हालांकि मैं साफ कर देना चाहता हूं कि हम हिंसा से डरकर पीछे नहीं हटेंगे । वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन के डिनर में हुई गोलीबारी मुझे ईरान युद्ध से पीछे नहीं हटापाएगी। यह मुझे ईरान में युद्ध जीतने से नहीं रोक पाएगा ।'
ईरान का हाथ होने पर ट्रंप का जवाब
डोनाल्ड ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या इस घटना के पीछे ईरान का हाथ हो सकता है। इस पर ट्रंप ने कहा कि मुझे ऐसा नहीं लगता है लेकिन इसके बारे में आप कुछ कह नहीं सकते हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह घटना बहुत तेजी से घटी, जिससे उनको और उनके साथियों को प्रतिक्रिया देने के लिए बहुत कम समय मिला।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'जब ऐसा कुछ होता है तो यह हमेशा चौंकाने वाला होता है। मैं पूरी तरह से हैरान था कि कुछ हुआ। मैं देख रहा था कि क्या हो रहा है। जब सुरक्षाकर्मी सक्रिय हो गए तो समझ में आया कि क्या हुआ है। शुरू में हमने गोली चलने की आवाज को कम गंभीर समझा। मुझे लगा कि कोई ट्रे गिर गई है लेकिन जल्दी ही चीजें समझ आ गईं।
ट्रंप ने कहा कि वह वहां रुककर वह ऐसे लोगों को समझाना चाहते थे कि वह इन बीमार लोगों (हमलावर) को हमारी जिंदगी जीने और काम के तरीके को बदलने नहीं देंगे। स्थल खाली कराने का निर्णय व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत लिया गया। ट्रंप ने कहा कि मुझे पता है कि बहुत से लोग आपसे खुश नहीं होते लेकिन जोखिमों के बावजूद हम एजेंडे के प्रति प्रतिबद्ध हैं।
डिनर का आयोजन फिर होगा
उन्होंने कहा कि वह अगले 30 दिनों के भीतर फिर से संवाददाता रात्रिभोज आयोजित करेंगे और हिंसा की वजह से सार्वजनिक कार्यक्रम बाधित नहीं होंगे।