तुगलकाबाद में दर्दनाक अग्निकांड, धुएं ने ली तीन जिंदगियां

तुगलकाबाद की बहुमंजिला इमारत में पार्किंग से उठी आग के जहरीले धुएं ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान ले ली, पांच महिलाएं झुलसीं, दो की हालत नाजुक
शुरुआती जांच में सामने आया कि आग इमारत के भूतल पर खड़े वाहनों में लगी थी
बहुमंजिला इमारत की पार्किंग में लगी आग से फैला धुआं, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत; पांच महिलाएं झुलसीं
Published on

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में शुक्रवार तड़के एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में लगी आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। आग से उठे घने धुएं की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं झुलस गईं। इनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि पार्किंग में लगी आग से निकला जहरीला धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचा, जिससे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं।

पार्किंग से शुरू हुई आग, पूरी इमारत में फैला धुआं

दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक रात करीब 2:31 बजे तुगलकाबाद की गली नंबर-1 स्थित एक रिहायशी भवन में आग लगने की सूचना मिली। शुरुआती जांच में सामने आया कि आग इमारत के भूतल पर खड़े वाहनों में लगी थी। देखते ही देखते धुआं पूरी इमारत में फैल गया और कई लोग अंदर फंस गए।

संकरी गलियों में चला चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन

ग्राउंड प्लस पांच मंजिला इस इमारत तक पहुंचने में दमकल कर्मियों को संकरी गलियों के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद दमकल विभाग ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

अधिकारियों के अनुसार, आग पर सुबह 3:45 बजे काबू पा लिया गया, जबकि करीब 4 बजे तक उसे पूरी तरह बुझा दिया गया। इसके बाद भी इमारत में फंसे लोगों की तलाश जारी रही।

अस्पताल में उपचार के दौरान तीन की मौत

घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। झुलसी हुई पांच महिलाओं को सफदरजंग अस्पताल भेजा गया, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष को एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।

सफदरजंग अस्पताल में भर्ती दो महिलाओं को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान एक युवक की भी मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी है, जिनमें दो महिलाओं की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 28 वर्षीय पंकज, उनकी 50 वर्षीय मां गुड्डी और 20 वर्षीय बहन सोनी के रूप में हुई है। तीनों इमारत की तीसरी मंजिल पर रहते थे।

हादसे में पंकज की दूसरी बहन मोनी (18) और उनकी 70 वर्षीय नानी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

शुरुआती जांच में सामने आया कि आग इमारत के भूतल पर खड़े वाहनों में लगी थी
अफगानिस्तान में बुर्का विवाद पर हिंसा, महिलाओं के प्रदर्शन के बाद गोलीबारी
Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in