बुर्ज खलीफा, मतलब इंसान ने आसमान को अपना पता बना लिया

Tourism
बुर्ज खलीफा
Published on: 

किसी भी पर्यटक के लिए दुबई में बुर्ज खलीफा को देखना अपने आप में एक यादगार अनुभव होता है।  लगता है जैसे किसी ने रेगिस्तान की धरती से आसमान तक एक विशाल रेखा खड़ी कर दी हो। 828 मीटर ऊँची यह इमारत केवल दुनिया की सबसे ऊँची इमारत नहीं, बल्कि वर्षो से मनुष्य की कल्पनाशीलता, तकनीकी क्षमता और महत्वाकांक्षा का जीवंत प्रतीक है।

 कभी दुबई मोती, मछली और समुद्री व्यापार के लिए जाना जाता था। फिर उसने पर्यटन, व्यापार, विमानन और अंतरराष्ट्रीय निवेश को अपनी विकास यात्रा का आधार बनाया। इसी महत्वाकांक्षा के बीच दुनिया को अपनी ओर आकर्षित करने वाली एक पहचान गढ़ने का विचार उपजा। बुर्ज खलीफा का निर्माण 2004 में शुरू हुआ और 4 जनवरी 2010 को इसका उद्घाटन हुआ। शुरुआत में इसे बुर्ज दुबई कहा गया था, लेकिन संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के सम्मान में इसका नाम बुर्ज खलीफा रखा गया।

बुर्ज खलीफा लगभग साढ़े ग्यारह कुतुब मीनारों के बराबर है।

इसकी ऊँचाई का अंदाजा इस बात से लगाइए कि भारत की प्रसिद्ध कुतुब मीनार लगभग 73 मीटर ऊँची है। बुर्ज खलीफा लगभग साढ़े ग्यारह कुतुब मीनारों के बराबर है। इसके निर्माण में लगभग 3 लाख 30 हजार घन मीटर कंक्रीट और 39 हजार टन से अधिक इस्पात लगा। हजारों इंजीनियरों और श्रमिकों ने मिलकर इसे आकार दिया। इसकी डिजाइन अमेरिकी वास्तुकार एड्रियन स्मिथ ने तैयार की थी। इसकी तीन पंखुड़ियों जैसी आधार संरचना एक विशेष फूल से प्रेरित है। ऊपर जाते जाते इमारत पतली होती जाती है। यह सुंदरता के साथ तेज हवाओं के दबाव को नियंत्रित करने की वैज्ञानिक युक्ति भी है।

बुर्ज खलीफा केवल देखने की इमारत भर नहीं है ।  अपने भीतर यह एक छोटा शहर समेटे हुए है। इसमें आवासीय अपार्टमेंट, कार्यालय, होटल और रेस्तराँ हैं। प्रसिद्ध अरमानी होटल भी इसका हिस्सा है।

इसकी बाहरी सतह पर हजारों काँच के पैनल लगे हैं। इनकी सफाई करना भी किसी रोमांचक अभियान से कम नहीं। सामान्य घर में खिड़की साफ करने के लिए सीढ़ी चाहिए, यहाँ सफाईकर्मियों को सैकड़ों मीटर की ऊँचाई पर विशेष मशीनों के सहारे काम करना पड़ता है। पूरी सफाई में कई महीने लगते हैं।

 बुर्ज खलीफा केवल देखने की इमारत भर नहीं है ।  अपने भीतर यह एक छोटा शहर समेटे हुए है। इसमें आवासीय अपार्टमेंट, कार्यालय, होटल और रेस्तराँ हैं। प्रसिद्ध अरमानी होटल भी इसका हिस्सा है। इसकी लिफ्ट लगभग 10 मीटर प्रति सेकंड की गति से चल सकती हैं, यानी जितनी देर में आप सामान्य लिफ्ट में कुछ मंजिलों का सफर करते हैं, यहाँ उतनी देर में कई मंजिलें पार हो जाती हैं।

 पर्यटकों के लिए इसका सबसे बड़ा आकर्षण एट द टॉप है। 124वीं और 125वीं मंजिल से लगभग 456 मीटर की ऊँचाई पर खड़े होकर पूरा दुबई देखा जा सकता है। सड़कें खिलौनों जैसी, गाड़ियाँ रंगीन बिंदुओं जैसी और समुद्र, रेगिस्तान तथा गगनचुंबी इमारतें किसी विशाल नक्शे जैसी दिखाई देती हैं। इससे भी ऊँचाई का अनुभव चाहने वालों के लिए 148वीं मंजिल पर एट द टॉप स्काई उपलब्ध है। लगभग 555 मीटर की ऊँचाई पर बैठकर चाय या कॉफी पीना भी एक यादगार अनुभव होता है। भोजन के शौकीनों के लिए इसकी 122वीं मंजिल पर स्थित एटमॉस्फियर रेस्तराँ विशेष आकर्षण है। यहाँ भोजन के साथ दुबई का विहंगम दृश्य भी देखने मिलता है। बेशक, यह अनुभव सामान्य रेस्तराँ की तुलना में महँगा है।

भोजन के शौकीनों के लिए इसकी 122वीं मंजिल पर स्थित एटमॉस्फियर रेस्तराँ विशेष आकर्षण है।

बुर्ज खलीफा की खूबसूरती रात में और निखर जाती है। इसकी बाहरी सतह विशाल डिजिटल स्क्रीन में बदल जाती है। रंगीन रोशनी, चित्रों और संदेशों के माध्यम से विशेष अवसरों पर आकर्षक प्रदर्शन होते हैं। नए साल की पूर्व संध्या पर यहाँ होने वाला प्रकाश और आतिशबाजी का आयोजन दुनिया भर में देखा जाता है।

 इसके आसपास का क्षेत्र भी पर्यटकों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं। विशाल दुबई मॉल, एक्वेरियम, रेस्तराँ और प्रसिद्ध दुबई फाउंटेन इसे एक संपूर्ण पर्यटन केंद्र बनाते हैं। फाउंटेन की संगीत के साथ नृत्य करती जलधाराओं और पीछे जगमगाते बुर्ज खलीफा का दृश्य अद्भुत होता है। पर्यटक मेट्रो की रेड लाइन से बुर्ज खलीफा/दुबई मॉल स्टेशन पहुँच सकते हैं। टिकट पहले से ऑनलाइन बुक करना बेहतर है। सूर्यास्त का समय विशेष लोकप्रिय रहता है।

इस इमारत ने फिल्मों में भी अपनी जगह बनाई है। टॉम क्रूज अभिनीत मिशन इम्पॉसिबल घोस्ट प्रोटोकॉल में बुर्ज खलीफा की बाहरी दीवार पर चढ़ने वाला दृश्य दर्शकों को रोमांचित कर गया था।

बुर्ज खलीफा का महत्व पर्यटन से कहीं आगे है। इसने दुबई को वैश्विक पहचान दी है। दुनिया के विभिन्न देशों से आने वाले पर्यटक इसके सामने तस्वीर खिंचवाना चाहते हैं। इसके कारण आसपास होटल, रेस्तराँ, मनोरंजन और व्यापारिक गतिविधियों का विशाल संसार विकसित हुआ है। यह दुबई की अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

 इस इमारत ने फिल्मों में भी अपनी जगह बनाई है। टॉम क्रूज अभिनीत मिशन इम्पॉसिबल घोस्ट प्रोटोकॉल में बुर्ज खलीफा की बाहरी दीवार पर चढ़ने वाला दृश्य दर्शकों को रोमांचित कर गया था। आज भी यह दुनिया की सबसे ऊँची इमारत का रिकॉर्ड अपने नाम रखे हुए है।

बुर्ज खलीफा ने यह सिद्ध कर दिया है कि दूरदृष्टि, तकनीक, पूँजी और सामूहिक संकल्प मिलकर किसी शहर की पहचान बदल सकते हैं।

एक इंजीनियर की दृष्टि से बुर्ज खलीफा संरचनात्मक डिजाइन, वायु दबाव नियंत्रण और निर्माण प्रबंधन की अद्भुत पाठशाला है। एक पर्यटक के लिए यह रोमांच है और एक सामान्य व्यक्ति के लिए सपनों की ऊँचाई का प्रतीक है।

 लेकिन एक सवाल भी मन में आता है। क्या किसी शहर की महानता केवल उसकी सबसे ऊँची इमारत से तय होती है? शायद नहीं। महानता इस बात से भी तय होती है कि वहाँ रहने वाले सामान्य लोगों का जीवन कितना ऊंचा है। पर बुर्ज खलीफा ने यह सिद्ध कर दिया है कि दूरदृष्टि, तकनीक, पूँजी और सामूहिक संकल्प मिलकर किसी शहर की पहचान बदल सकते हैं।

 रेगिस्तान की जिस धरती पर कभी ऊँटों के काफिले चलते थे, आज वहाँ ऐसी इमारत खड़ी है जिसकी चोटी बादलों से बातें करती है। बुर्ज खलीफा को देखकर लगता है कि मनुष्य ने आसमान को छूने की कोशिश में एक इमारत तो बना ली, लेकिन उसकी महत्वाकांक्षा अभी भी निरंतर और बड़ा करने की ललक लिए निर्माणाधीन है! (युवराज)

विवेक रंजन श्रीवास्तव 

 

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News