

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर उनके समर्थकों ने इस्लामाबाद के लिए लॉन्ग मार्च शुरू कर दिया है। उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के मुताबिक, हजारों समर्थक मार्च में शामिल हैं। मार्च उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत से शुरू हुआ, जहां पीटीआई की सरकार है। कई स्थानों पर पड़ाव के बाद प्रदर्शनकारियों के इस्लामाबाद पहुंचने की योजना है। प्रांतीय मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी मार्च का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने समर्थकों से अपने नेता की रिहाई के लिए बड़ी संख्या में बाहर आने की अपील की। इमरान खान और पाकिस्तान के सैन्य प्रतिष्ठान व सरकार के बीच तनाव 2022 में उनकी सरकार गिरने के बाद से जारी है। खान ने इसके लिए सेना को जिम्मेदार ठहराया था, जबकि सेना इस आरोप से इनकार करती है। मई 2023 में खान की गिरफ्तारी के बाद हिंसक प्रदर्शन हुए थे। वहीं सुरक्षा को लेकर इस्लामाबाद में हजारों पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। सरकारी इलाके की ओर जाने वाली सड़कों पर कंटेनर लगाए गए हैं।