

वाशिंगटन : अमेरिका के अधिकारियों ने पश्चिम एशिया के कई देशों और क्षेत्रीय सहयोगियों से अगले सप्ताह अमेरिका में होने वाले मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान पर संभावित नए सैन्य हमलों और इसके जवाब में ईरान की ओर से की जा सकने वाली जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा है। इस मामले की जानकारी रखने वाले दो राजनयिकों ने यह जानकारी दी। दोनों राजनयिकों ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब तक ईरान पर नए हमले करने का अंतिम निर्णय नहीं लिया है। हालांकि, ट्रंप बार-बार कह चुके हैं कि वह अमेरिका में तीन नवंबर को होने वाले महत्वपूर्ण चुनावों के बाद नए सैन्य हमले का आदेश देने पर विचार कर रहे हैं। इससे संकेत मिल रहे हैं कि बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान फिर शुरू हो सकते हैं।
होर्मुज में तैनाती के विकल्प तलाश रहा दक्षिण कोरिया
दक्षिण कोरिया होर्मुज जलडमरूमध्य में संभावित तैनाती के विकल्पों पर विचार कर रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार वाई सुंग-लाक ने गुरुवार को संसद में बताया कि इनमें समुद्री गश्ती विमानों की तैनाती भी शामिल है। इस मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन से बातचीत जारी है, हालांकि उन्होंने युद्धक तैनाती से इनकार किया। ईरान ने पिछले महीने चेतावनी दी थी कि क्षेत्र में दक्षिण कोरियाई सैन्य मौजूदगी को अमेरिका का समर्थन माना जाएगा और उसे निशाना बनाया जा सकता है। दक्षिण कोरिया अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए पश्चिम एशिया पर निर्भर है। वह अपने तेल का करीब 70 प्रतिशत और गैस का 20 प्रतिशत इस क्षेत्र से आयात करता है। दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत तेल और गैस आपूर्ति होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरती है।