

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और संविधान के मूल मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का आह्वान किया। उन्होंने एक्स हैंडल पर कहा कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे सिद्धांत ही भारतीय गणराज्य की आधारशिला हैं। मुख्यमंत्री ने विविधता, समावेशिता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि यही भारत की वास्तविक शक्ति है।
उन्होंने प्रसिद्ध कथन का उल्लेख करते हुए कहा, स्वतंत्रता की कीमत सतत सजगता है और नागरिकों से लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए सतर्क रहने का आग्रह किया। ममता बनर्जी ने कहा कि आज गणराज्य और संविधान हम सभी से सामूहिक जागरूकता और जिम्मेदारी की मांग करते हैं। अपने संदेश में उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं, देश के जवानों और आम नागरिकों को भी नमन किया और उनके योगदान को स्मरण किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि देश संविधान के आदर्शों पर चलते हुए एकजुटता और सद्भाव के साथ आगे बढ़ेगा।