उड़ान भरने के दो घंटे बाद कालीकट हवाई अड्डे लौटा विमान

एअर इंडिया के विमान में थे 188 लोग, आई तकनीकी समस्या
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

मलप्पुरम (केरल) : केरल के कालीकट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोहा जा रहा एअर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान बुधवार को किसी तकनीकी समस्या के कारण उड़ान भरने के 2 घंटे बाद लौट आया। हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि उड़ान संख्या आईएक्स 375 ने सुबह नौ बजकर सात मिनट पर कालीकट से उड़ान भरी थी लेकिन वह 2 घंटे बाद यानी अपराह्न 11 बजकर 12 मिनट पर उसी हवाई अड्डे पर लौट आई। इस विमान में पायलट और चालक दल सहित 188 लोग सवार थे।

अधिकारी ने कहा, ‘विमान के केबिन एसी में कुछ तकनीकी समस्या थी। विमान को किसी आपात स्थिति के कारण नहीं उतारा गया।’ उन्होंने बताया कि यात्रियों को विमान से उतार दिया गया है। उन्होंने कहा कि या तो तकनीकी समस्या को दूर किया जाएगा या यात्रियों के लिए किसी अन्य विमान की व्यवस्था की जाएगी ताकि वे अपने गंतव्य पहुंच सकें। एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण विमान को ‘एहतियातन उतारा’ गया। हमने प्राथमिकता के आधार पर एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की, देरी के दौरान मेहमानों को जलपान उपलब्ध कराया और उड़ान रवाना हो गयी।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News