

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम :
उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आर. अलागर स्वामी तथा नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष अर्पोना रॉय को गुरुवार को उत्तर एवं मध्य अंडमान के उपायुक्त द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। यह शपथ ग्रहण समारोह जिला परिषद सदस्यों, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, राजनीतिक नेताओं एवं समर्थकों की उपस्थिति में आयोजित किया गया। मायाबंदर स्थित पोखाडेरा कम्युनिटी हॉल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारियों सहित जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान आर. अलागर स्वामी ने शपथ लेते हुए कहा कि वे बिना किसी भय, पक्षपात अथवा दुर्भावना के ईमानदारी, ज्ञान और न्याय के साथ जनता के कल्याण के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। इसी प्रकार अर्पोना रॉय ने उत्तर एवं मध्य अंडमान जिला परिषद की नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष के रूप में शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आर. अलागर स्वामी ने कहा कि वे उत्तर एवं मध्य अंडमान के समग्र विकास के लिए सभी जिला परिषद सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पूर्ण समन्वय बनाकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी तथा सभी विकास कार्य सामूहिक और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाए जाएंगे। टीमवर्क के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि वे जिला परिषद के पूरे परिवार, इंजीनियरिंग विंग तथा अधिकारियों को साथ लेकर सभी क्षेत्रों में संतुलित विकास सुनिश्चित करेंगे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि विशेष रूप से सड़क क्षेत्र से जुड़े कई विकास कार्य पर्याप्त धनराशि के अभाव में लंबे समय से लंबित पड़े हुए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन, मुख्य सचिव तथा आवश्यकता पड़ने पर केंद्र सरकार से भी अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे। आर. अलागर स्वामी ने कहा कि युवाओं के कल्याण, खेल अवसंरचना के विकास तथा स्थानीय युवाओं की सहकारी समितियों को रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र को समान विकास का अवसर मिलना चाहिए और किसी भी क्षेत्र की उपेक्षा नहीं की जाएगी। इस अवसर पर उपायुक्त ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष दोनों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि नए नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं अधिकारी उत्तर एवं मध्य अंडमान में विकास संबंधी पहलों के लिए पूरा सहयोग जारी रखेंगे। अर्पोना रॉय ने भी समारोह को संबोधित करते हुए सदस्यों एवं समर्थकों द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे हमेशा जनता के लिए उपलब्ध रहेंगी तथा अध्यक्ष एवं सभी जिला परिषद सदस्यों के साथ मिलकर जिले के विकास और जनकल्याण के लिए कार्य करेंगी।