

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य में आलू की बढ़ती पैदावार के बीच आलू किसानों को सही दाम दिलाने के लिए राज्य सरकार ने कई कदम उठाए हैं। राज्य सरकार ने ‘पोटैटो प्रोक्योरमेंट स्कीम 2026’ की घोषणा की है, जिसके तहत किसानों से सीधे प्रति क्विंटल 950 रुपये की न्यूनतम दर पर आलू खरीदा जाएगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को धर्मतल्ला धरना मंच से कहा, आलू राज्य सरकार स्वयं खरीदेगी।
जहां जहां आलू पड़ा है, वहां जाकर सरकार इसे खरीदेगी। इस योजना के तहत बैंकों से ऋण लेने की प्रक्रिया भी सरल की गई है ताकि निजी हिमगृह मालिक भी इस योजना के तहत आलू खरीद सकें। राज्य प्रशासन, जिला और ब्लॉक स्तर पर सभी पक्षों का समन्वय कर इस योजना को प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा ‘सुफल बांग्ला’ भी लाभकारी दाम पर आलू खरीदना शुरू कर चुका है।
राज्य के हिमगृहों में कुल 82 लाख मीट्रिक टन आलू रखने की क्षमता है, लेकिन फिलहाल केवल 12 प्रतिशत भरा गया है, जिससे अभी और अधिक आलू खरीदा जा सकता है। सरकार ने बताया है कि खरीदे गए आलू का उपयोग बाद में मिड-डे-मील और अन्य कल्याणकारी योजनाओं में किया जाएगा। ममता बनर्जी ने स्पष्ट किया कि आलू किसानों के हित की रक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।